भिवानी की बेटियों और बेटों ने एक बार फिर रचा इतिहास
23वीं सीनियर हरियाणा राज्य सेपक टकरा प्रतियोगिता में भिवानी की टीम ने जीते 2 स्वर्ण सहित 6 पदक
भिवानी, 12 अक्तूबर : खेल नगरी के नाम से मशहूर भिवानी के खिलाडिय़ों ने एक बार फिर से अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में जिला का नाम रोशन किया है। हरियाणा सेपक टकरा एसोसिएशन के तत्वाधान में चरखी दादरी में आयोजित 23वीं सीनियर हरियाणा राज्य सेपक टकरा प्रतियोगिता का समापन उत्साहजनक माहौल के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में भिवानी जिले के खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल रनर-अप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के दौरान भिवानी के पुरुष और महिला खिलाडिय़ों ने अपनी उत्कृष्ट फुर्ती, बेहतरीन तालमेल और अनुशासन का परिचय देते हुए कुल 6 पदक अपने नाम किए। इन पदकों में 2 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं।
महिला टीम कोच सुरेन्द्र प्रजापति और पुरुष टीम कोच संदीप कुमार ने बताया कि पुरुष वर्ग के रेगू इवेंट विकास सिंह बापोड़ा से, अरुण बापोड़ा, प्रशांत देवसर, अक्षय और रोहित भिवानी ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। वही क्वाड इवेंट में राकेश कितलाना, प्रशांत देवसर, विकास, अरुण, धर्मेन्द्र और आदेश बापोड़ा ने बेहतरीन प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा डबल इवेंट में राकेश कितलाना, विकास बापोड़ा और प्रशांत देवसर की तिकड़ी ने शानदार समन्वय दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वही महिला वर्ग के रेगू इवेंट में भतेरी, रिया, हिमानी कितलाना, मानसी और अंजलि गौरीपुर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। क्वाड इवेंट में रजनी, हिमानी, भतेरी, रिया कितलाना, अंजलि गौरीपुर और गरिमा भिवानी ने कड़े मुकाबले में रजत पदक जीता। डबल इवेंट में भतेरी, हिमानी कितलाना और सायना चांग ने शानदार तालमेल दिखाते हुए रजत पदक जीतकर गांव और पूरे भिवानी जिले का नाम रोशन किया।
इस मौके पर महिला टीम कोच सुरेन्द्र प्रजापति और पुरुष टीम कोच संदीप कुमार ने कहा किहमारे खिलाडिय़ों ने इस प्रतियोगिता में जिस उच्च स्तर की खेल भावना, अटूट मेहनत और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, वह हम सभी के लिए बेहद गर्व का विषय है। मैदान पर खिलाडिय़ों का पसीना और उनका अनुशासन ही इस ऐतिहासिक सफलता की असली कुंजी है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारे ये होनहार खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भिवानी और हरियाणा का नाम रोशन करेंगे। हम सभी विजेता खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं। इस अवसर पर कोच सपना, संदीप बापोड़ा, फूल सिंह, नीरज कुमार, अनिल कुमार, मोनू, सत्यनारायण और महिला कोच सुरेन्द्र प्रजापति ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।