सूर्यानगर में 55वां रक्तदान शिविर संपन्न : 59 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, 112 लोगों ने करवाई स्वास्थ्य जांच
एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को दे सकता है नया जीवन : जगदीश मिताथल
भिवानी, 12 अक्तूबर : सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय सूर्यानगर मिनी बाईपास चौक पर आयोजित 55वें रक्तदान शिविर में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट, वंशिका फाउंडेशन और जिला रेडक्रॉस सोसायटी भिवानी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 59 रक्तवीरों ने रक्तदान किया, जबकि 112 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। रक्त संग्रहण का कार्य राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एम्स, बाड़सा) से डॉ. शमील की अगुवाई में पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सीय टीम द्वारा पूरी सावधानी और मानकों के साथ संपन्न कराया गया। शिविर में उपस्थित युवाओं ने जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का संकल्प दोहराया। इस मानवीय आयोजन की अध्यक्षता शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने की, जबकि संयोजन का जिम्मा सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश मिताथल एवं वंशिका फाउंडेशन के अध्यक्ष व रक्तवीर मनीष वर्मा ने बखूबी संभाला। इस अवसर पर शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई परोपकार नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार मरीज को नया जीवन दे सकता है, विशेषकर कैंसर और आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों के लिए यह जीवनरेखा का काम करता है। युवाओं को नियमित रक्तदान को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि किसी भी अस्पताल में रक्त की कमी से किसी की सांसें न थमने पाएं। वहीं, सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश मिताथल व वंशिका फाउंडेशन के अध्यक्ष व रक्तवीर मनीष वर्मा ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना है। अग्रसेन जयंती जैसे पवित्र अवसर पर समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं का यह उत्साह साबित करता है कि भिवानी की जनता सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी रहती है। ट्रस्ट भविष्य में भी स्वास्थ्य और जनसेवा के ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखेगा।इस अवसर पर नर्सिंग अधिकारी जुलिया, हरिओम, नरेंद्र तंवर, नवीन, प्रदीप उपस्थित थे