पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल
भारत विकास परिषद ने राजकीय महाविद्यालय में रोपे पौधे, संगठन मंत्री के 70वें जन्मदिवस पर रोपे 71 पौधे
भिवानी, 12 अक्तूबर : जन्मदिन के पारंपरिक उत्सवों से इतर समाज और प्रकृति को समर्पित एक प्रेरक पहल देखने को मिली, जब भारत विकास परिषद की शाखा भिवानी ने अपने संगठन मंत्री सुरेश जैन के 70वें जन्मदिवस को हरियाली पर्व के रूप में मनाया। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय के परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के तहत 71 फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। पर्यावरण संयोजक सज्जन कुमार सोनी के कुशल समन्वय में आयोजित इस अभियान में महाविद्यालय प्रशासन और परिषद के सदस्यों ने मिलकर श्रमदान किया। नीम, पीपल, जामुन और अन्य फलदार-छायादार प्रजातियों के ये पौधे परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन में भी योगदान देंगे। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय के प्रधानाचार्य जगवीर सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव को प्रकृति से जोडऩा समाज के लिए एक बड़ा संदेश है। 70वें जन्मदिवस पर 71 पौधों का रोपण न केवल एक सुंदर विचार है, बल्कि यह आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ वायु और सुरक्षित कल की बुनियाद भी रखता है। शिक्षण संस्थानों में ऐसी पहल विद्यार्थियों को भी प्रकृति से जुडऩे की सीख देती है। इस मौके पर भारत विकास परिषद भिवानी की शाखा सचिव मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि सुरेश जैन का जीवन सेवा और सादगी का प्रतीक रहा है। उनके 70 वर्ष पूर्ण होने पर हमने दिखावे की जगह स्थायी सामाजिक कार्य को चुना। पर्यावरण की रक्षा ही भावी पीढ़ी की सुरक्षा है, और परिषद परिवार अपने आदरणीय मार्गदर्शक के दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना प्रकृति सेवा के संकल्प के साथ करता है। कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य राजकुमार, प्रोफेसर धर्मवीर जाखड़ और प्रोफेसर दिनेश सिंह ने भी अपना मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग दिया। परिषद के पदाधिकारियों व सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।