जिला रैडक्रॉस सोसायटी ने हलवासिया स्कूल में कर्मचारियों को दिया प्राथमिक सहायता व सीपीआर का प्रशिक्षण
कार्यस्थल पर मानवीय जीवन की सुरक्षा होनी चाहिए सबसे पहली प्राथमिकता : सचिव प्रदीप कुमार
भिवानी, 12 अक्तूबर : भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा द्वारा औद्योगिक इकाइयों और शिक्षण संस्थानों में आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा को लेकर जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी के तहत स्थानीय हलवासिया विद्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल में स्कूल के चालकों, परिचालकों, सहायकों, सुरक्षाकर्मियों तथा अन्य स्टाफ के लिए एक दिवसीय प्राथमिक सहायता एवं सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव डा. सुनील कुमार के निर्देशानुसार, भिवानी के उपायुक्त एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्यस्थल पर मानवीय जीवन की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में सही समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को इस बुनियादी तकनीक की जानकारी होना बेहद जरूरी है। सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि आए दिन हादसों की सूचना मिलती रहती है। ऐसे में इन हादसों से बच्चों की जान सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शिक्षण संस्थानों में यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपातकाल स्थिति में प्राथमिक सहायता का ज्ञान का उपयोग किया जा सकें। सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि शिक्षण संस्थानों के लिए चलाए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु संस्थानों को वेबसाइट हरियाणारैडक्रॉस डॉट सीओ डॉट इन पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। इसके अलावा इस प्रशिक्षण से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 8950504748 पर संपर्क कर सकते हैं।
शिविर में जिला प्रशिक्षण अधिकारी विकास कुमार ने उपस्थित स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक गुर सिखाए। उन्होंने कार्यस्थल पर अचानक पेश आने वाले हादसों, चोट लगने, बेहोशी, जलने तथा अचानक दिल का दौरा पडऩे की स्थिति में फौरन दी जाने वाली प्राथमिक सहायता और सीपीआर की बारीकियों का सीधा प्रदर्शन करके समझाया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्राचार्य दीपक वशिष्ठ एवं ट्रांसपोर्ट इंचाज मनोज शर्मा ने रेडक्रॉस सोसायटी की इस जनहितैषी पहल की सराहना की और स्कूल स्टाफ के लिए इसे अत्यंत उपयोगी कदम बताया।