बाबा श्याम बगीची झुम्पा कलां में हुआ कटहल का पौधा रोपण : पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
पर्यावरण संरक्षण के लिए पटाखों फोडऩे की बजाए पौधारोपण कर त्यौहार मनाएं नागरिक : लोकराम नेहरा
भिवानी, 12 अक्तूबर : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से त्रिवेणी बाबा की प्रेरणा एवं पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा के नेतृत्व में गांव झप्पा कलां स्थित बाबा श्याम बगीचीमें कटहल का पौधा रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा, रामसिंह नेहरा, पवन नेहरा, कृष्ण कुमार श्योराण, मोंटी, हर्ष नेहरा और प्रमोद नेहरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने उपस्थित लोगों और आमजन को संबोधित करते हुए वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जागरूकतात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अक्तूबर-नवंबर माह से हवा में प्रदूषण का स्तर यानी एक्यूआई बढऩे लगता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहारों पर बच्चे और पढ़े-लिखे लोग भी बड़ी मात्रा में पटाखे चलाते हैं, जिनसे निकलने वाला जहरीला धुआं वायु गुणवत्ता को सीधे तौर पर प्रभावित करता है और हमारी सांसों की ऑक्सीजन में जहर घोल देता है। हवलदार लोकराम नेहरा ने अपील करते हुए कहा कि हम सबको मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि इस त्योहारी सीजन में कम से कम पटाखे चलाएं ताकि हमारी हवा और पर्यावरण शुद्ध बने रहें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि बच्चों को प्रेरित करें कि वे पटाखों के स्थान पर पौधे लगाएं। उन्होंने विशेष संदेश दिया कि इस नवरात्रि और आगामी त्योहारों के पावन पर्व पर प्रत्येक परिवार कम से कम एक त्रिवेणी या पौधा अवश्य लगाए, ताकि इस धरती और पर्यावरण को बचाया जा सके।