पुलिस भर्ती और भारतीय सेना की तैयारी के लिए युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षण में लिया भाग
पुलिस भर्ती एवं भारतीय सेना में करियर बनाने की तैयारी कर रहे जिले के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग बालाघाट एवं बीपीएस फिजिकल एकेडमी लालबर्रा के संयुक्त तत्वावधान में 20 सितंबर 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान लालबर्रा में शारीरिक माप एवं दक्षता परीक्षण आयोजित किया गया।
जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के निर्देश एवं सतत मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षण का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य डुलेंद्र ठाकरे (मुन्ना भैया), लालबर्रा थाना प्रभारी राजमल दायमा, पनबिहरी सरपंच वीरू बनवाने, उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा के प्राचार्य सनत दुबे, कोच ब्रजेश पंचेश्वर एवं प्रशांति इंस्टीट्यूट के अंकित सर ने हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस भर्ती एवं भारतीय सेना की चयन प्रक्रिया के अनुरूप युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता परखने और आवश्यक दक्षता विकसित करने का नि:शुल्क अवसर प्रदान किया गया। परीक्षण में जिले के युवाओं एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान 1600 मीटर एवं 800 मीटर दौड़, बीम, ऊंचाई, सीना, वजन, गोला फेंक, लंबी कूद सहित विभिन्न शारीरिक माप एवं फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों की क्षमता और दक्षता का आकलन किया गया। इस दौरान महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।