#बालाघाट
प्रभावित 57 गांवों में स्वास्थ्य एवं राहत कार्य जारी, 41,792 लोगों की हुई जांच
प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभागों द्वारा राहत, स्वास्थ्य जांच और जनजागरूकता के कार्य लगातार जारी हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और उपचार किया जा रहा है। सोमवार को 8 लोगों को एहतियात के तौर पर बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। अभियान के दौरान प्रभावित 57 ग्रामों में अब तक 41,792 लोगों की जांच की गई है। इनमें 6,854 विभिन्न बीमारियों से पीड़ित पाए गए। इनमें 601 मरीजों को अस्पताल में तथा 6,222 मरीजों को घर पर ही उपचार उपलब्ध कराया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई और भोजन वितरण
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामों के आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई के साथ बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद परिवारों तक घर पहुंचकर भोजन वितरण की व्यवस्था की गई। विकासखंड बैहर के 21 गांवों के 28 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बिरसा के 23 गांवों के 41 आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई गई। बैहर के 28 केंद्रों में 493 बच्चों तथा बिरसा के 41 केंद्रों में 742 बच्चों को भोजन दिया गया। इसके अलावा बैहर के 13 आंगनबाड़ी केंद्रों में 91 तथा बिरसा के 41 केंद्रों में 201 महिलाओं एवं बच्चों को घर पहुंचकर भोजन उपलब्ध कराया गया। बैहर के 10 तथा बिरसा के 41 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को टीएचआर (टेक होम राशन) का वितरण किया गया।
41 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन, 6 हैंडपंपों की मरम्मत
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सोमवार को बैहर विकासखंड के 5 गांवों में 18 तथा बिरसा विकासखंड के 7 गांवों में 23 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया गया। इस प्रकार कुल 12 गांवों में 41 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया गया। बैहर विकासखंड के एक गांव में 10 जल स्रोतों से पानी के नमूने भी संग्रहित किए गए। इसके अलावा बैहर के 3 गांवों में 3 तथा बिरसा के 3 गांवों में 3 हैंडपंपों की मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया गया।
डार्क स्पॉट की सफाई
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा भी स्वच्छता अभियान के तहत प्रभावित क्षेत्रों में डार्क स्पॉट की सफाई कराई जा रही है। सोमवार को जनपद पंचायत बैहर के एक गांव में एक स्थान तथा जनपद पंचायत बिरसा के 7 गांवों में 9 स्थानों पर डार्क स्पॉट की सफाई की गई। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा विकासखंड बिरसा के प्रभावित ग्राम कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका एवं मछुरदा में 8 यूनिट सूकर वितरण किया गया।
पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जनजागरूकता
विकासखंड बिरसा के प्रभावित ग्राम अडोरी में अशासकीय संस्था "SATHI" द्वारा जनजागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं को पोषण आहार एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। संस्था के कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पोषण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP #healthminmp
#WelfareTribal #minphemp #minprdd