#बालाघाट
टीएल बैठक में हुई समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा
21 सितम्बर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा (टीएल) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने समय सीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण के निर्देश दिये। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में सर्वप्रथम सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभागवार 50 दिनों एवं उससे अधिक की लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इनका शीघ्रता से निराकरण किया जाए। सभी शिकायतें संतुष्टि के साथ बंद करने के निर्देश दिये गए। प्रसूति सहायता योजना एवं जननी सुरक्षा योजना से संबंधित शिकायतों के लंबित रहने पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डीपीएम एवं बिरसा विकासखंड के बीपीएम का 07 दिनों का वेतन काटने के निर्देश दिये गए। संबल योजना से संबंधित प्रकरणों के अधिक संख्या में लंबित पाये जाने पर जनपद सीईओ कटंगी एवं परसवाडा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित योजनाओं का संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभाग के सहायक यंत्री की टीम द्वारा सत्यापन कराने के निर्देश दिये गए। बैगा जनजाति की मुखिया महिलाओं के आहार अनुदान योजना में प्राप्त आवेदनों का शीघ्रता से निराकरण करने और ऐसी आवेदक महिलाओं से राशन पर्ची के लिए आवेदन कराने के निर्देश दिये गए। जिला परिवहन अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सडक दुर्घटना के पीडितों के लिए पीएम राहत योजना के प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण करने कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप पात्र लोगो को जोडने के निर्देश दिये गए। इसमें निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के साथ ही कोटवार, आंगनवाडी कार्यकर्ता सहायिका एवं आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों की दीदियों को भी जोडने के निर्देश दिये गए। आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक को बिरसा विकासखंड के बैगा बहुल ग्रामों में स्व-सहायता समूहों को सक्रिय करने एवं उन्हें रोजगार मूलक गतिविधियों के लिए ऋण दिलाने के निर्देश दिये गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के विभिन्न स्थानों के उन्नयन किये जाने वाले 22 स्वास्थ्य केंद्रो के उन्नयन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये गए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों पर चर्चा की गई और सभी अधिकारियों को इस पर तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिये गए। बैठक में विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं में बैंको को प्रषित एवं ऋण वितरण की समीक्षा की गई और निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं में लक्ष्य से अधिक प्रकरण बैंको को प्रेषित किये जाए। लोक सेवा गारण्टी अधिनियम के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण नही करने वाले अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिये
गए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#gaddeptmp
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026