#बालाघाट
बिरसा क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को मिला स्वरोजगार का सहारा
कोरका, बोंदारी, दूल्हापुर, गिडोरी और कुंडेकसा सहित आधा दर्जन गांवों के युवाओं को वितरित की गई सूकर इकाइयां
आदिवासी जनजातीय बहुल बैहर-बिरसा क्षेत्र के ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में पशुपालन विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुधन की भूमिका को मजबूत करते हुए विभाग द्वारा क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर एवं बेरोजगार युवाओं को विभिन्न पशुपालन गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में पिछले दो दिनों के दौरान बिरसा क्षेत्र के कोरका, बोंदारी, दूल्हापुर, गिडोरी और कुंडेकसा सहित लगभग आधा दर्जन गांवों के दो दर्जन से अधिक बेरोजगार युवाओं को सूकर इकाइयों का वितरण किया गया है। सूकर पालन के माध्यम से युवाओं को कम लागत में व्यवसाय प्रारंभ कर नियमित आय का साधन उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. घनश्याम परते ने बताया कि विभाग द्वारा बैहर-बिरसा क्षेत्र के प्रभावित एवं जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों तक स्वरोजगार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग द्वारा सूकर इकाई के साथ-साथ बकरी, गाय एवं मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कम लागत में आय का बेहतर माध्यम
पशुपालन विभाग के उप-संचालक डॉ. घनश्याम परते ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और बेरोजगार युवाओं के लिए पशुपालन स्वरोजगार का अच्छा माध्यम बन सकता है। विशेष रूप से सूकर पालन में अपेक्षाकृत कम लागत में व्यवसाय शुरू कर आय अर्जित करने की संभावना रहती है। विभाग का उद्देश्य केवल पशु इकाइयों का वितरण करना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को स्थायी स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा संबल
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन लंबे समय से आजीविका का महत्वपूर्ण आधार रहा है। खेती के साथ पशुपालन को जोड़कर किसान एवं ग्रामीण परिवार अपनी आय के अतिरिक्त साधन विकसित कर सकते हैं। ऐसे में बिरसा क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को सूकर इकाइयों का वितरण उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya