औबेदुल्लागंज में तरंगिनी मेला-2026 का आयोजन
आंगनवाड़ी केन्द्रों में शाला-पूर्व शिक्षा को बेहतर बनाने किए जा रहे प्रयासों, नवाचारों और अनुभवों को साझा का मिला अवसर
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सीडीपीओ, पर्यवेक्षक एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता
------
------
अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से औबेदुल्लागंज ग्रामीण एवं शहरी तथा गौहरगंज सेक्टर 1 एवं 2 के साथ तरंगिनी मेले का आयोजन किया गया। इस आयोजन में चिकलोद सेक्टर 1 एवं 2 की आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिभागी के तौर पर सहभागिता की। तरंगिनी मेला केवल शिक्षण सामग्री के प्रदर्शन का मंच नहीं रहा, बल्कि आँगनवाड़ी केंद्रों में शाला-पूर्व शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, नवाचारों और अनुभवों को साझा करने का एक विशेष अवसर भी बना।
मेले में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के विभिन्न डोमेन और थीम पर आधारित आकर्षक स्टॉल तैयार किए। इन स्टॉलों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं बनाए गए टीएलएम , बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों, गतिविधियों एवं केंद्रों में अपनाई जा रही रोचक शिक्षण प्रक्रियाओं को प्रदर्शित किया। कार्यकर्ताओं ने अपने स्टॉल के माध्यम से न केवल तैयार सामग्री का परिचय दिया, बल्कि यह भी साझा किया कि किस प्रकार इन सामग्रियों और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में देखने, सुनने, छूने, सोचने, समझने और स्वयं करके सीखने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
इस आयोजन ने कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे के प्रयासों को करीब से देखने, नई गतिविधियों को जानने और अपने अनुभवों से दूसरों को सीखने का अवसर दिया। अलग-अलग केंद्रों में किए जा रहे छोटे-छोटे प्रयासों ने यह दर्शाया की स्थानीय संसाधनों, रचनात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता से बच्चों के लिए सीखने का आनंदमय एवं समृद्ध वातावरण तैयार किया जा सकता है। तरंगिनी मेले की सबसे खास बात रही की यहाँ सीखने और सिखाने का अवसर सभी के लिए था। एक कार्यकर्ता का अनुभव दूसरी कार्यकर्ता के लिए नई प्रेरणा बना और अलग-अलग केंद्रों में किए जा रहे प्रयास एक साझा सीख का हिस्सा बने।
इस तरह तरंगिनी मेला अनुभवों के आदान-प्रदान, आपसी सीख और शाला-पूर्व शिक्षा को अधिक आनंदमय, गतिविधि-आधारित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। सीडीपीओ और सभी सेक्टर सुपरवाइजर ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं का अभिवादन किया और आगे भी ऐसे ही बेहतर आयोजन के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Collector Office Raisen