भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है- स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर रायसेन में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित
–––
–––
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर रविवार को रायसेन स्थित वन परिसर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा तथा कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने कन्या पूजन, भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने अपने उद्बोधन में सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतवर्ष की आजादी में जनजातीय समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जनजातीय वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान का उल्लेख किया है। मध्यप्रदेश की धरती को रानी दुर्गावती जी और टंट्या मामा जैसे महान जनजातीय नायकों की गौरवशाली विरासत प्राप्त है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हएु कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम आयु में ही जनजातीय समाज को संगठित कर सामाजिक जागरूकता और अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं, रीति-रिवाज और जीवन मूल्य भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक डॉ. चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा श्री राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया।