तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर श्री सिसोनिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
--------
--------
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक में COTPA, 2003 तथा धूम्ररहित तंबाकू नियंत्रण विषय पर एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर श्री सिसोनिया ने संबंधित विभागों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने एवं तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
कार्यशाला के दौरान मप्र वॉलंट्री हेल्थ एसोसिएशन से संभाग समन्वयक नयन पाण्डेय ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (COTPA) की प्रमुख धाराओं एवं उनके प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध (धारा 4), तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध (धारा 5), नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध (धारा 6) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री ने तंबाकू सेवन और धुम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए जिले में तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी द्वारा वर्तमान में चल रहे तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 में हो रही गतिविधियों की जानकारी देते हुए धूम्ररहित तंबाकू उत्पादों जैसे गुटखा, खैनी, जर्दा एवं अन्य चबाने वाले तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों, विशेषकर मुख एवं अन्य प्रकार के कैंसर के जोखिम के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। तंबाकू उत्पादों की उपलब्धता एवं बिक्री पर नियंत्रण तथा आमजन को तंबाकू सेवन छोड़ने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धूम्ररहित तंबाकू उत्पादों जैसे गुटखा, खैनी, जर्दा आदि का सेवन नहीं करने हेतु नागरिकों को प्रेरित करने की शपथ दिलाई। बैठक में जिला स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति (डीएलसीसी) के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता से जिले में तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh