*राजकीय बालिका उच्च विद्यालय में तिथि भोज -सह- जन्मोत्सव कार्यक्रम, उपायुक्त ने छात्राओं से किया संवाद*
--------------------------
*सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं मतदाता पंजीकरण को लेकर छात्राओं को किया जागरूक*
पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित राजकीय बालिका उच्च विद्यालय में तिथि भोज -सह- जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बंधन लॉन्ग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार एवं जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुई। अगस्त माह में जन्मदिन मनाने वाली विद्यालय की सभी छात्राओं को एक साथ मंच पर आमंत्रित कर उपायुक्त श्री मनीष कुमार की मौजूदगी में सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। उपायुक्त ने सभी बालिकाओं को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार सामूहिक रूप से जन्मोत्सव मनाने से छात्राओं में आपसी सहयोग, अपनापन एवं सकारात्मक वातावरण का विकास होता है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्राओं के साथ सहज एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कक्षा में अध्ययनरत छात्राओं से उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषय, भविष्य के लक्ष्य तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक उपायुक्त के साथ संवाद करते हुए अपनी बात साझा की। उपायुक्त ने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं के लिए शिक्षा ही उनके सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत माध्यम है। छात्राएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।
*◆ सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की दी जानकारी*
समारोह के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा संचालित सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, उन्हें विद्यालय से जोड़े रखना तथा उनके समग्र विकास के लिए सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने पात्र छात्राओं से योजना के प्रावधानों की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती ने छात्राओं को योजना की पात्रता एवं लाभ के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए कहा कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि पात्र बालिकाएं योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी संबंधित विभाग एवं विद्यालय स्तर से प्राप्त करें। उन्होंने अभिभावकों एवं छात्राओं से भी योजना के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
*◆ 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली छात्राओं को मतदाता बनने के लिए किया प्रेरित*
कार्यक्रम के दौरान इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से छात्राओं को मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने विशेष रूप से उन छात्राओं से संवाद किया, जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रही हैं। उन्होंने ऐसी सभी पात्र छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बंधन लॉन्ग ने ईएलसी के माध्यम से छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता एवं मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो छात्राएं 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रही हैं, वे निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत करा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने मताधिकार के महत्व को समझने तथा अन्य पात्र युवाओं को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
*◆ शिक्षा के साथ अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की समझ जरूरी : उपायुक्त*
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए छात्राओं को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपने अधिकारों, कर्तव्यों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी रखनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से संवाद करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिले की बालिकाओं को शिक्षा एवं विकास के सभी आवश्यक अवसर उपलब्ध हों तथा वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें।