ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 225 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया।
शिविरों में डॉ. सूर्य भूषण देवगम, डॉ. राधिका कुमारी, डॉ. अनीश कुमार, डॉ. टिम्मा रानी हेम्ब्रम, डॉ. श्रवण कुमार यादव एवं डॉ. धर्म राज सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए।
निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन खूंटपानी प्रखंड के बासाहातु, मनोहरपुर प्रखंड के काशीपुर, तांतनगर प्रखंड के सोलपारा, नोवामुंडी प्रखंड के बिरहोड़ टोला, झींकपानी प्रखंड के बिस्तमपुर तथा गोइलकेरा प्रखंड के लजोरा में किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान मलेरिया से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। ग्रामीणों को मलेरिया के कारण, लक्षण एवं इससे होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जानकारी देते हुए मच्छरों से बचाव, नियमित रूप से मच्छरदानी के प्रयोग तथा घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई। ग्रामीणों को बुखार अथवा मलेरिया से संबंधित अन्य लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। नियमित योगाभ्यास, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी का सेवन तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।