ट्रैक्टर-ट्रॉली में शराब की तस्करी, 3 तस्कर फरार, हथियार के साथ एक गिरफ्तार
मुरैना। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जौरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 35 पेटी अवैध देशी शराब, 315 बोर की अवैध रायफल और 5 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। वहीं, तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार तस्कर चांदपुर गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में शराब भरकर अलापुर गांव की ओर जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर जौरा पुलिस ने अलापुर पुल के पास चेकिंग पॉइंट लगाया। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार तीन तस्कर कूदकर अंधेरे में भाग गए, जबकि पुलिस ने चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान चालक के पास से अवैध रायफल और पांच जिंदा राउंड मिले। ट्रॉली की तलाशी में 35 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब, हथियार और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फरार तीनों आरोपियों की तलाश जारी है।
#मुरैना #morena #जौरा #शराब