मुरैना में सड़क हादसा: SP धर्मराज मीना ने घायल को अपने शासकीय वाहन से पहुंचाया अस्पताल
मुरैना के मुड़ियाखेड़ा क्षेत्र में 21 अगस्त को ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक बाइक सवार घायल हो गया। इसी दौरान कानून-व्यवस्था का जायजा लेने निकले पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना की नजर घायल पर पड़ी।
एसपी ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति देखी। हालत गंभीर देखते हुए उन्होंने अपने अंगरक्षक और वाहन चालक की मदद से घायल को अपने शासकीय वाहन से जिला अस्पताल मुरैना पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का तत्काल उपचार शुरू किया।
एसपी धर्मराज मीना ने चिकित्सकों से घायल के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी भी ली। उनकी इस तत्परता और संवेदनशीलता को मानवीय पुलिसिंग की मिसाल माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में आमजन की मदद करना भी पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है।
#morena #मुरैना #पुलिस