सड़क पर पड़ा था एक्सीडेंट में घायल युवक, एसपी ने अपने वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया👇
21 अगस्त को पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज द्वारा फील्ड भ्रमण पर थे। इसी दौरान थाना स्टेशन रोड़ क्षेत्रांतर्गत मुड़ियाखेड़ा क्षेत्र में ट्रैक्टर एवं बाइक की सड़क दुर्घटना दिखाई दी, जिसमें 01 बाइक सवार व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था।
पुलिस अधीक्षक ने तत्काल अपना वाहन रुकवाकर दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर घायल की स्थिति का जायजा लिया। घायल को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए अपने अंगरक्षक एवं वाहन चालक की सहायता से घायल व्यक्ति को स्वयं के शासकीय वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल मुरैना पहुंचाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर घायल को तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा चिकित्सकों से घायल के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए आवश्यक उपचार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई।