अक्टूबर तक उद्घाटन योग्य योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें : डीएम
जिला तकनीकी समन्वय समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। इसमें जिले में विभिन्न तकनीकी विभागों द्वारा संचालित निर्माणाधीन एवं अपूर्ण योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा हुई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया।
भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, जहानाबाद के कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी अपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को जिले में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं विभिन्न खेल अवसंरचनाओं के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया गया।
बिहार राज्य स्वास्थ्य आधारभूत संरचना निगम की ओर से क्रियान्वित सीएचसी, एचडब्ल्यूसी समेत अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिन योजनाओं में भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित अंचलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं सदर अस्पताल, जहानाबाद के निर्माणाधीन भवन को अविलंब पूरा कर उद्घाटन के लिए तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड को एसएसएस हरिदासपुर से संबंधित मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य शुरू कराने को कहा गया। साथ ही विभाग की अन्य सभी अपूर्ण योजनाओं को भी शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल, जहानाबाद को आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण से जुड़ी योजनाओं में संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थल का संयुक्त निरीक्षण कराने और निर्माण कार्य अविलंब शुरू करने को कहा गया। महादलित समुदाय से संबंधित वर्क शेड निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता की जांच हेतु अंचलाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा हुई। संबंधित विभाग को प्राथमिकता वाली योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पथ प्रमंडल एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को जिले में संचालित मेंटेनेंस एवं सड़क निर्माण योजनाओं की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
बुडको द्वारा अमृत 2.0 के तहत प्रस्तावित जहानाबाद एसटीपी के निर्माण की भी समीक्षा की गई। अंचलाधिकारी, जहानाबाद को आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अक्टूबर तक पूरा होने वाली योजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी तकनीकी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अक्टूबर 2026 तक जिन योजनाओं को पूरा कर उद्घाटन योग्य बनाया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। ऐसी योजनाओं का प्रस्ताव भी समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में भूमि, तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की बाधा आने पर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से उसका त्वरित समाधान करें, ताकि योजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हो सकें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता स्तर के पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।