ऑटो की होगी कलर कोडिंग, तय रूट पर ही चलेंगे वाहन, विकसित होगा व्यवस्थित ऑटो स्टैंड
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति एवं परिवहन-यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। इसमें शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने, ऑटो के रूट निर्धारण, पार्किंग, अतिक्रमण, सड़क सुरक्षा तथा सड़क एवं नालों की सफाई सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजा बाजार अंडरपास की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अरवल मोड़ से राजा बाजार तक सड़क किनारे से स्थायी अतिक्रमण हटा दिया गया है। डीएम ने नगर परिषद को अंडरपास एवं आसपास के नालों की नियमित और समुचित सफाई कराने का निर्देश दिया, ताकि जलनिकासी बाधित नहीं हो और आवागमन सुचारू बना रहे।
बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने किंजर के आसपास पुल निर्माण के कारण जहानाबाद से अरवल जाने वाली बसों के परिचालन में हो रही परेशानी की जानकारी दी। डीएम ने संबंधित विभाग को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।
32 भंवरिया से काको मोड़ तक बनेगा ऑटो स्टैंड
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए डीएम ने 32 भंवरिया से काको मोड़ तक सड़क किनारे स्थित जिला परिषद की भूमि को चिह्नित कर पार्किंग एवं टेंपो स्टैंड के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नियमानुसार भूमि की बंदोबस्ती की कार्रवाई करने को कहा गया। इससे सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर अंकुश लगेगा और जिला परिषद को राजस्व भी प्राप्त होगा।
कलर कोडिंग के साथ तय होगा ऑटो का रूट
शहरी यातायात को व्यवस्थित करने के लिए ऑटो की कलर कोडिंग एवं रूट निर्धारण करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि ऑटो का परिचालन निर्धारित रूट के अनुसार ही कराया जाए और इसके अनुपालन की नियमित निगरानी हो। इससे यातायात दबाव कम करने के साथ यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया, ताकि वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। डीएम ने परिवहन विभाग, नगर परिषद समेत सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर जाम के प्रमुख स्थानों की पहचान करने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने तथा सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। यातायात से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान विभागीय समन्वय से सुनिश्चित किया जाए।