मंडल कारा में 380 बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, भावुक हुआ माहौल
जहानाबाद : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को मंडल कारा में भाई-बहन के अटूट और पवित्र रिश्ते की भावुक तस्वीर देखने को मिली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं करीब 380 बहनों ने मंडल कारा में बंद अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद भविष्य की कामना की। लंबे समय बाद भाई को सामने देखकर कई बहनों की आंखें नम हो गईं। वहीं, बहनों को देखकर कई बंदी भी भावुक नजर आए।रक्षाबंधन को लेकर मंडल कारा प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जेल परिसर में पहुंची बहनों के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई थी। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को निभाया। इस दौरान बहनों ने भाइयों से अच्छे आचरण और भविष्य में बेहतर जीवन जीने का संकल्प लेने की अपील भी की।कार्यक्रम के दौरान भावुक कर देने वाले कई दृश्य सामने आए। बहनें अपने भाइयों को देखकर भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख सकीं। भाइयों ने भी बहनों के प्रति अपने स्नेह का इजहार किया। जेल की चारदीवारी के बीच रक्षाबंधन का यह आयोजन भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती और अपनत्व का संदेश देता नजर आया।जेल अधीक्षक अजीत कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। ऐसे आयोजनों से बंदियों को अपने परिवार और समाज से भावनात्मक रूप से जुड़े रहने का अवसर मिलता है। मंडल कारा प्रशासन की ओर से पर्व को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि बहनें अपने भाइयों को राखी बांध सकें और पर्व की खुशियां साझा कर सकें। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाइयों की सलामती और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मंडल कारा परिसर में भाई-बहन के अटूट पवित्र रिश्ते और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।