डीएम कार्यालय में स्काउट-गाइड कैडेटों ने बांधा रक्षा सूत्र, डीएम ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
जहानाबाद : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में भारत स्काउट और गाइड के कैडेटों ने रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन उत्सव मनाया। कैडेटों ने जिला पदाधिकारी को रक्षा सूत्र बांधकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने स्काउट और गाइड के कैडेटों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से भारत स्काउट और गाइड के कार्यों में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी भारत स्काउट और गाइड का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
जिला पदाधिकारी ने स्काउट-गाइड प्रशिक्षण के दौरान नियम एवं प्रतिज्ञा, विभिन्न प्रकार की गांठ, प्रार्थना तथा झंडा गीत जैसे विषयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्काउट और गाइड का प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मौके पर जिला संगठन आयुक्त हरिशंकर कुमार ने स्काउट-गाइड साइन के साथ कैडेटों को प्रतिज्ञा एवं शपथ दिलाई। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य जिला मुख्य आयुक्त कुमार त्रिपुरारी ने किया।
इस दौरान मुख्य जिला मुख्य आयुक्त ने जिला पदाधिकारी को भारत स्काउट और गाइड कार्यालय आने के लिए आमंत्रित किया। जिला पदाधिकारी ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वे निश्चित रूप से कार्यालय पहुंचकर भारत स्काउट और गाइड की टीम से मिलेंगे।
कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड कैडेटों के साथ संबंधित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को भी मजबूती दी।