सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न
--
निवाड़ी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक, जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाविद्यालय में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सेवा, स्वच्छता, समर्पण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की चित्रकृतियों में सामाजिक जागरूकता, सकारात्मक सोच तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इसी क्रम में ‘विकसित भारत @2047’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के संकल्प, भारत की संभावनाओं, युवा शक्ति की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. उषा त्रिपाठी ने अपने वक्तव्य में विकसित भारत की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए भारत के उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं और उसे साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एन. खान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. नीलम सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, छात्रा इकाई द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. उषा त्रिपाठी, डॉ. वीरेंद्र खरे, डॉ. प्रेमलता कटियार एवं डॉ. जितेंद्र अरोरिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। साथ ही, उनमें सामाजिक सरोकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता का भाव भी विकसित हुआ। कार्यक्रम का समापन सेवा, स्वच्छता, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari