खेल प्रतिभाओं को मिला सम्मान, तीन दिवसीय 70वीं संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन
--
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 70वीं संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिमान्य पत्रकार मध्यप्रदेश शासन श्री ओमप्रकाश खरे दादा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुरेश तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनप्रतिनिधि श्रीमती आभा चतुर्वेदी एवं श्रीमती रजनी राय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। स्वागत बेला के बाद शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया। अतिथियों द्वारा विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों में छिपी होती है देश की भविष्य की प्रतिभा : ओमप्रकाश खरे
मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिमान्य पत्रकार श्री ओमप्रकाश खरे ‘दादा’ ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और संघर्ष की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना ही खिलाड़ी की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं छोटे शहरों की प्रतिभाओं को यदि उचित मंच और अवसर मिले तो वे संभाग, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है। उन्होंने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
खेलों से व्यक्तित्व का होता है सर्वांगीण विकास : डॉ. सुरेश तिवारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सुरेश तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के मैदान में मिली सीख जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बेटियों ने भी खेलों में बढ़ाया गौरव : आभा चतुर्वेदी
विशिष्ट अतिथि श्रीमती आभा चतुर्वेदी ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए परिवार और समाज को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल प्रतिभाओं को मंच देना जरूरी : जिला शिक्षा अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव ने कहा कि तीन दिवसीय संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का सफल आयोजन विद्यार्थियों, खेल शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग की टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
यह रहा प्रतियोगिता का परिणाम
वॉलीबॉल 17 वर्ष बालक वर्ग में दमोह विजेता तथा निवाड़ी उपविजेता रहा।
वॉलीबॉल 17 वर्ष बालिका वर्ग में दमोह विजेता तथा सागर उपविजेता रहा।
खो-खो 19 वर्ष बालक वर्ग में सागर विजेता तथा छतरपुर उपविजेता रहा।
खो-खो 19 वर्ष बालिका वर्ग में निवाड़ी विजेता तथा सागर उपविजेता रहा।
थ्रोबॉल 19 वर्ष बालक वर्ग में छतरपुर विजेता तथा सागर उपविजेता रहा।
थ्रोबॉल 19 वर्ष बालिका वर्ग में छतरपुर विजेता तथा निवाड़ी उपविजेता रहा।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक देवेंद्र वर्मा एवं शिक्षिका सुश्री अनुकृति रावत ने किया। समापन अवसर पर आभार प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी राजेश पटेरिया द्वारा व्यक्त किया गया। प्रतियोगिता के समापन के साथ ही खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
Department of School Education, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #niwari