प्रेस विज्ञप्ति
दिनाँक- 19/07/26
स्थान- नालंदा
*551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के शुभारंभ के साथ सरकारी शिक्षा में नए युग की शुरुआत*
● *'उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य' के संकल्प को मिलेगा बल*
● *जिले में चयनित 20 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का हुआ उद्घाटन*
● *कक्षा 9 से ही जेईई, नीट एवं ओलंपियाड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी की सुविधा*
● *जिला पदाधिकारी ने बिहारशरीफ स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का विस्तृत निरीक्षण किया*
नालंदा। बिहार सरकार ने गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक सरकारी शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्यभर में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) की शुरुआत की है। 'सात निश्चय-3 (2025-30)' के अंतर्गत संचालित "उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य" कार्यक्रम के तहत इन विद्यालयों का राज्यस्तरीय शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा बेगूसराय स्थित बी.पी. इंटर स्कूल (मॉडल विद्यालय) से किया गया। इसके साथ ही सभी जिलों एवं चयनित प्रखंडों में भी उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से लैस उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित करना है, ताकि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों के समकक्ष गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। इन आदर्श विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक कंप्यूटर लैब, अत्याधुनिक भौतिकी, रसायन एवं जीवविज्ञान प्रयोगशालाएं, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था तथा कक्षा 9 से ही जेईई, नीट एवं ओलंपियाड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बिहार स्कूल लाइव क्लासेज के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
इन विद्यालयों का उद्देश्य केवल बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक सोच, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है।
इसी क्रम में नालंदा जिले के चयनित प्रखंडों में भी सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन उत्साह, गरिमा एवं जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह के निर्देशानुसार सभी चयनित विद्यालयों में उद्घाटन कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया। विद्यालय परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं नागरिकों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम संपन्न हुए।
नालंदा जिले के चयनित 20 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)
गिरियक – उच्च माध्यमिक विद्यालय, चोरसुआ
कतरीसराय – उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोवर्धन बिगहा, कतरीसराय
राजगीर – +2 उच्च विद्यालय, बेलदार बिगहा
सिलाव – रास बिहारी उच्च विद्यालय, नालंदा
बिहारशरीफ – जवाहर कन्या +2 विद्यालय, झिंग नगर, नालंदा
हरनौत – उच्च विद्यालय, गोनावां पोआरी
नूरसराय – उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरदार बिगहा, नूरसराय
चंडी – उच्च विद्यालय, तुलसीगढ़
अस्थावां – आर.एस.बी. उच्च विद्यालय, अस्थावां
बिंद – उच्च विद्यालय, बिंद
रहुई – सर्वोदय +2 उच्च विद्यालय, पैठना
सरमेरा – उच्च विद्यालय, सरमेरा
हिलसा – राम बाबू +2 विद्यालय, हिलसा
करायपरसुराय – उच्च विद्यालय, मकरौता
नगरनौसा – विकास उच्च विद्यालय, भोभी
थरथरी – उच्च विद्यालय, आस्ता
एकंगरसराय – एस.एस. एकेडमी, एकंगरसराय
इस्लामपुर – नेताजी सुभाष उच्च एवं +2 विद्यालय, इस्लामपुर
परवलपुर – एम.डी.एन. एच. एस , बरमिथ, परवलपुर
बेन – श्री महात्मा गांधी राष्ट्रीय +2 विद्यालय, गुरुशरणपुर
उद्घाटन समारोह के उपरांत जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने जवाहर कन्या उच्च विद्यालय, बिहारशरीफ स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, स्मार्ट कक्षाओं, शैक्षणिक व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर पठन-पाठन की गुणवत्ता, नियमित उपस्थिति, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
उद्घाटन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में नई शिक्षा व्यवस्था को लेकर उत्साह एवं विश्वास का वातावरण देखने को मिला। यह पहल निश्चित रूप से बिहार में सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता को नई पहचान देने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार, माननीय विधायक, बिहारशरीफ; श्रीमती रीना यादव, सदस्य बिहार विधान परिषद; नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त तथा शिक्षा विभाग के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Samrat Choudhary
#CMOBihar
Dr. Sunil Kumar
Mlc Reena Yadav
Mithilesh Kumar Tiwari
Bihar Sharif Nagar Nigam
Bihar Education Department
Nalanda, Bihar | Jul 19, 2026