.*बस्ती: कृषि विज्ञान केंद्र में मशरूम उत्पादन पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 25 युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र*
*जनपद बस्ती, 09 अक्टूबर 2026।*
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती द्वारा सरल परियोजना के अंतर्गत मशरूम उत्पादन तकनीक पर 5 दिवसीय रोजगार परक व्यावसायिक प्रशिक्षण का समापन गुरुवार को हुआ। यह प्रशिक्षण 5 से 9 अक्टूबर तक चला, जो भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान, जोन-III कानपुर से वित्त पोषित था।
समापन समारोह में केंद्र के प्रभारी अधिकारी *डॉ. पी.के. मिश्रा* ने कहा कि मशरूम उत्पादन ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका सुदृढ़ करने का एक सशक्त साधन है। इसे कम लागत में शुरू कर अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है। प्रशिक्षण के कोर्स कॉर्डिनेटर *डॉ. प्रेम शंकर, वैज्ञानिक (पादप सुरक्षा)* ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया और बटन मशरूम की उत्पादन तकनीक, गुणवत्तापूर्ण स्पॉन का चयन, भूसे के उपचार एवं पाश्चुरीकरण, बैग तैयार करने, स्पॉनिंग, इनक्यूबेशन, फलन एवं कीट-रोग प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को मशरूम को केवल कृषि गतिविधि नहीं बल्कि ग्रामीण उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के माध्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
*डॉ. वी.बी. सिंह, वैज्ञानिक (पादप प्रजनन एवं आनुवंशिकी)* ने मशरूम की उपयुक्त प्रजातियों के चयन और स्पॉन की गुणवत्ता के महत्व पर प्रकाश डाला।
*डॉ. अंजलि वर्मा, वैज्ञानिक (गृह विज्ञान)* ने मशरूम के पोषक तत्वों, प्रोटीन और खनिजों के बारे में बताया और मशरूम पाउडर, अचार, नमकीन जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद बनाने की तकनीक सिखाई। उन्होंने कहा कि मूल्य संवर्धन से महिलाएं अतिरिक्त आय कमा सकती हैं और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही लागत-लाभ, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और स्थानीय बाजार से जुड़ाव पर भी जानकारी दी।
*आर.वी. सिंह, वैज्ञानिक (कृषि प्रसार)* ने मशरूम उत्पादन को पोषण, रोजगार और आय सृजन से जोड़ने पर जोर दिया।
जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के *25 नवयुवक-युवतियों* ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया। सभी को अपने गांव में मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने और अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने को कहा गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और रंगीन आम की पौध वितरित की गई।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 9, 2026