*बस्ती: जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक, त्योहारों को लेकर दिए निर्देश*
*जनपद बस्ती, 09 अक्टूबर 2026।* आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा एवं दीपावली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए *जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना* की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने सभी लोगों से मिलजुल कर भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की परंपरा को कायम रखने की अपील की। उन्होंने सभी नागरिकों को त्योहार की बधाई देते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और साफ-सफाई को हम सबकी जिम्मेदारी बताते हुए सहयोग करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, ढीले तारों को टाइट करने और लोकल फॉल्ट तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी और ईओ नगरपालिका को प्रतिमा विसर्जन वाले रास्तों के सुदृढीकरण व समतलीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर गोताखोर, नाव और प्रकाश की समुचित व्यवस्था समय से कर ली जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान समय का विशेष ध्यान रखा जाए और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए। आयोजकों से सुरक्षा की सभी तैयारी समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि दुर्गा प्रतिमा की स्थापना सुरक्षित स्थान पर करें ताकि ट्रैफिक बाधित न हो, आरती-पूजन के दौरान आग से बचाव के लिए सभी उपकरण रखें। डीजे मध्यम ध्वनि व मानक के अनुसार ही बजाया जाए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा, अवैध पटाखा और मादक पदार्थों को लेकर अधिकारियों को भ्रमण कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को सीएचसी/पीएचसी पर पर्याप्त चिकित्सक और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
*पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह* ने कहा कि प्रत्येक पंडाल में सुरक्षा के लिए वॉलिंटियर तैनात किए जाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। शासन के निर्देशानुसार पंडाल और डीजे मानक के अनुसार ही संचालित किए जाएं। मानकविहीन तेज आवाज मिलने पर डीजे संचालक के साथ-साथ दुर्गा मूर्ति आयोजन समिति के विरुद्ध भी एफआईआर कराई जाएगी। विसर्जन के समय मूर्तियां क्रमबद्ध तरीके से निकाली जाएं।
इस बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीआईओएस संजय सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एआरटीओ माला बाजपेई, सभी उप जिलाधिकारी, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, मो. सलीम, गुलाब चंद्र सोनकर, पत्रकार सरदार जगवीर सिंह, जयंत मिश्रा सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 9, 2026