*बस्ती: छावनी में पुलिस का पैदल मार्च, एसपी के निर्देश पर दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा परखी
जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 09 अक्टूबर 2026
बस्ती पुलिस दुर्गा पूजा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक *ओमवीर सिंह* के निर्देश पर जिले भर में पंडालों की सुरक्षा जांच और पैदल मार्च का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज *थाना छावनी* पुलिस ने कस्बे में पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
यह पैदल मार्च अपर पुलिस अधीक्षक *श्यामकांत* के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हर्रैया *स्वर्णिमा सिंह* के कुशल पर्यवेक्षण में निकाला गया। प्रभारी निरीक्षक *राणा डी.पी. सिंह* के नेतृत्व में थाना पुलिस फोर्स ने कस्बा छावनी के मुख्य मार्गों, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण किया।
*पंडालों की जांच और व्यापारियों से वार्ता*
मार्च के दौरान पुलिस टीम ने कस्बे में बने दुर्गा पूजा पंडालों को बारीकी से चेक किया। पंडालों की मजबूती, बिजली के तारों से दूरी और आने-जाने के रास्ते को देखा गया। पुलिस ने पंडाल आयोजकों से अपील की कि पंडाल इस तरह बनाया जाए कि आम सड़क बाधित न हो और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से भी पर्याप्त दूरी बनी रहे।
इसके अलावा पुलिस ने कस्बे के व्यापारियों और दुकानदारों के साथ बैठक कर वार्ता की। सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को चेक कर हटवाया गया और सख्त हिदायत दी गई कि आवागमन हेतु निर्धारित मार्ग को किसी भी हाल में अवरुद्ध न किया जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 9, 2026