*बस्ती: CRO कीर्ति प्रकाश भारती ने किया दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश*
*बस्ती, 09 अक्टूबर 2026।* दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य राजस्व अधिकारी *कीर्ति प्रकाश भारती* ने आज शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंडालों में सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पूजा समितियों को निर्देशित किया कि पंडाल निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बनाए जाएं तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं।
CRO ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंडालों में विद्युत वायरिंग सुरक्षित तरीके से कराई जाए, बिजली के तारों व कनेक्शनों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पंडालों का निरीक्षण कर मानकों की जांच करें, जहां कमी मिले उसे तत्काल दूर कराएं। पंडालों के आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के नियमों व सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी *प्रमोद कुमार, राजेश यादव*, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका *अंगद गुप्ता* कोतवाली प्रभारी बृजानंद सिंह ,अवर अभियंता बिजली बीके सिंह ,तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 9, 2026