राजस्व कार्यों में तेजी लाने का निर्देश, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को अपर समाहर्ता नीरज कुमार की अध्यक्षता में राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजस्व कार्यों एवं अभियानों की प्रखंड व अंचलवार समीक्षा की गई।
इस दौरान अभियान बसेरा-2, भूमि सुधार एवं भूमि मापी, जमाबंदी रेक्टिफिकेशन, ऑन ड्राइव जमाबंदी, जीरो प्लॉट्स एवं खाता से संबंधित मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई। अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। वहीं, जमाबंदी रेक्टिफिकेशन के मामलों में अभिलेखों की जांच कर आवश्यक सुधार पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश दिया गया।
जीरो प्लॉट्स एवं खाता से जुड़े मामलों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सभी राजस्व कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया। अपर समाहर्ता ने कहा कि राजस्व कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार सहित सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Oct 5, 2026