धारदार हथियार से हमला कर युवक को किया घायल, तमंचे से फायरिंग का भी आरोप
उरई। कोतवाली उरई क्षेत्र में सोमवार को एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने और तमंचे से फायरिंग कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रामजी सोनी, श्यामजी सोनी, रिषू ठाकुर, अजय सिंह समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को पीड़ित के पिता ने कोतवाली उरई में तहरीर देकर बताया कि आरोपियों ने उनके बेटे मोहित यादव पर धारदार हथियार से वार किया और तमंचे से फायरिंग कर उसे घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया है।
घायल मोहित यादव को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
Orai, Jalaun | Sep 8, 2026