विश्व रेबीज दिवस पर मेगा वैक्सीनेशन कैंप संपन्न
==
85 पशुओं का हुआ निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण,
=
वृक्षारोपण के साथ स्कूलों में चला जागरूकता अभियान
=
विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर जिला पशु चिकित्सालय, प्रोफेसर कॉलोनी में विशाल निःशुल्क एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशन में आयोजित शिविर में डॉग, बिल्ली, गाय एवं बकरी सहित कुल 85 पशुओं का टीकाकरण किया गया।
इस सबंध में उप संचालक कृषि एवं पशुपालन दमोह ने बताया शिविर में दमोह की काल भैरव फाउंडेशन ने भी सक्रिय सहयोग किया। फाउंडेशन के स्वयंसेवकों द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण कराया गया। साथ ही पशु चिकित्सालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया।
रेबीज के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दमोह के विभिन्न विद्यालयों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों को रेबीज के संक्रमण, लक्षण, बचाव एवं पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार की जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि रेबीज एक गंभीर एवं जानलेवा बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का आयोजन पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक डॉ. के.पी. कुर्मी एवं सिविल सर्जन डॉ. विपिन बिहारी शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में किया गया।
16 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026