युवा शक्ति से होगा समाज और राष्ट्र का निर्माण - राज्यमंत्री श्री लोधी
==
सेवा संकल्प अभियान की पावन कलश वंदन यात्रा पहुंची तेंदूखेड़ा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
===
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण का संदेश लेकर बड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प अभियान की पावन कलश वंदन यात्रा मंगलवार को जबेरा विधानसभा क्षेत्र के तेंदूखेड़ा पहुंची। यात्रा के आगमन पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। सेवा संकल्प अभियान परिवार की ओर से विभिन्न स्थानों पर बाइक सवारों का बैंड-बाजे एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।
यात्रा के जबेरा विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करने पर प्रथम ग्राम झमरा में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने यात्रा में शामिल बाइक सवारों का स्वागत किया। इसके बाद तारादेही, समनापुर और धनगौर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुए। दोपहर 3 बजे चौरई स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर अभिनंदन किया गया, जबकि दोपहर 3:30 बजे तारादेही तिराहे पर स्वागत हुआ। शाम 5 बजे गौशाला के समीप विद्यासागर सदन में स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा शक्ति से होगा समाज और राष्ट्र का निर्माण - राज्यमंत्री श्री लोधी
विद्यासागर सदन में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यममंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा चुनौतियां अनेक हैं, लेकिन उनके समाधान में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं ने सदैव समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक दायित्वों को समझते हुए देश के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। राज्यमंत्री ने कहा राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति समर्पण युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।
मध्यप्रदेश में मिल रहा आत्मीय स्वागत - कुलदीप जडेजा
यात्रा प्रभारी कुलदीप जडेजा ने कहा मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का 12वां दिन है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में यात्रा का जिस प्रकार स्वागत और सम्मान किया जा रहा है, उससे वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश में लोगों से मिले स्नेह और अपनत्व से ऐसा महसूस हो रहा है, मानो वे अपने गृह प्रदेश गुजरात में हों। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनकल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। अभियान के तहत सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है।
27 मील में आज होगा पौधारोपण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार, 30 सितंबर को सुबह 11 बजे 27 मील पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। आयोजकों ने नागरिकों एवं युवाओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की अपील की है। मंगलवार शाम भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।
28 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026