जीडीसी में रक्षाबंधन एवं बलराम जयंती कार्यक्रम हर्षोल्लास से सम्पन्न
________________
भारतीय संस्कृति, प्रकृति और कृषि के सामंजस्य पर दिया जोर
________________
छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मनाया रक्षाबंधन एवं बलराम जयंती
________________
खरगोन 02 सितम्बर 2026। शासन के निर्देशानुसार भारतीय परंपरा और संस्कृति के अनुरूप शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में रक्षाबंधन एवं बलराम जयंती के अवसर पर कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ. आर. के. यादव के मार्गदर्शन एवं उद्बोधन में आयोजित किया गया।
प्राचार्य डॉ. आर. के. यादव ने अपने उद्बोधन में जनकल्याण, जीवन संस्कृति, कृषि कल्याण एवं प्रकृति के बीच तालमेल की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संस्कृति और प्रकृति का सामंजस्य ही मानव जीवन का मूल सूत्र होना चाहिए।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सेवंती डावर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए रक्षाबंधन के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का रक्षासूत्र है। ऐसी परंपराएं हमारी संस्कृति की जीवंतता का परिचय देती हैं। उन्होंने बलराम जयंती के संदर्भ में कहा कि कृषि और हलधर भगवान बलराम का प्रकृति से अटूट संबंध रहा है। यह संबंध प्रकृति पूजन और कृषि संस्कृति का महत्वपूर्ण सूत्र है, जो सदैव प्रासंगिक रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. कविता बरडे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone