शासकीय विधि महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाई गई बलराम जयंती
________________
भगवान बलराम के जीवन से कर्मठता, अनुशासन और निष्ठा की प्रेरणा लेने का दिया संदेश
________________
भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ महाविद्यालय परिसर
________________
खरगोन 03 सितंबर 2026। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में भगवान श्री बलराम की जयंती के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने की। कार्यक्रम का संयोजन श्री सत्यम निंगवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री बलराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एलएलबी के छात्र प्रद्युम्न रावल ने भगवान बलराम के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों तथा भारतीय संस्कृति में कृषि एवं श्रम के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। एलएलबी की छात्रा खुशी सेन ने भगवान बलराम की स्तुति में मधुर भजन प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। वहीं महाविद्यालय की प्राध्यापक सुश्री तृप्ति जायसवाल ने भी सुमधुर भजन की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बलराम शक्ति, न्याय और निष्ठा के प्रतीक हैं। उनके जीवन से विद्यार्थियों को कर्मठता, अनुशासन एवं अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री सत्यम निंगवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुश्री शिवांगी निराले ने किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ।
#JansamparkMP #khargone