कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने फसलों का किया निरीक्षण
________________
कपास, अरहर, मक्का, सोयाबीन, अरंडी एवं मिर्च फसल की स्थिति का लिया जायजा
________________
कपास में रस चूसक कीटों के नियंत्रण के लिए किसानों को दिए आवश्यक सुझाव
________________
खरगोन 03 सितम्बर 2026। जिले में फसलों की स्थिति एवं कीट-रोग प्रकोप का जायजा लेने के लिए जिला स्तरीय डायग्नोस्टिक दल द्वारा गुरुवार को विकासखण्ड खरगोन एवं सेगांव के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया गया। दल ने ग्राम नंदगांव रोड, छोटी उन, तलकपुरा, बिरला एवं रसगांव में कृषकों के खेतों का निरीक्षण कर कपास, अरहर, मक्का, सोयाबीन, अरंडी एवं मिर्च फसलों की स्थिति का अवलोकन किया।
डायग्नोस्टिक दल में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.के. सिंह, अनुविभागीय अधिकारी कृषि अनुभाग खरगोन श्री गोपाल डाबर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखण्ड खरगोन श्री गिरधारी भावर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखण्ड सेगांव श्री राजाराम चौहान सहित कृषि विभाग का मैदानी अमला शामिल रहा। निरीक्षण के दौरान अधिकांश खेतों में फसलों की स्थिति अच्छी पाई गई। वहीं कुछ स्थानों पर कपास एवं मिर्च फसल में कीट एवं रोग प्रकोप भी देखा गया।
कपास फसल में हरे मच्छर, सफेद मच्छर एवं अन्य रस चूसक कीटों का प्रकोप पाए जाने पर वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.के. सिंह ने किसानों को कीट नियंत्रण के संबंध में आवश्यक सलाह दी। उन्होंने अनुशंसित कीटनाशकों का आवश्यकता अनुसार छिड़काव करने तथा रासायनिक कीटनाशक के प्रत्येक छिड़काव के बाद जैविक कीटनाशकों जैसे नीम तेल, मेटाराइजियम एनीसोप्लि, बवेरिया बेसियाना एवं वर्टीसिलियम लेकेनी का उपयोग करने की सलाह दी।
कृषि वैज्ञानिक ने फसल में कीटों की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए प्रति एकड़ 25 पीले कार्ड, 25 नीले कार्ड तथा 3 से 4 फेरोमोन ट्रैप लगाने की भी सलाह दी। उन्होंने किसानों से फसल का नियमित निरीक्षण करने तथा कीट एवं रोग का प्रकोप दिखाई देने पर तत्काल कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर उचित नियंत्रण उपाय अपनाने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम नंदगांव रोड से श्री रेवाराम पिता दयाराम एवं श्री शंकरलाल पिता ठाकुरलाल, ग्राम छोटी उन से श्री हरि पिता तुलसीराम, ग्राम तलकपुरा से श्री गुलाबसिंह पिता गोपाल, ग्राम बिरला से श्री मांगीलाल पिता मंगलसिंह, श्री राहुल पिता शोभाराम एवं श्री धर्मेन्द्र पिता नयनसिंह सहित ग्राम रसगांव के श्री पढरी पिता मांगीलाल, श्री बलीराम पिता बाल्या, श्री कालू पिता बलीराम, श्री राजेन्द्र पिता सीताराम, श्री महेन्द्र पिता मंशाराम, श्री हिरदाराम पिता गणपत, श्री मनोहर पिता कैलाश, श्री सतीश पिता भगवान, श्री रविन्द्र पिता मंशाराम एवं श्री छोटेलाल पिता तुकाराम सहित अन्य कृषक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone