शासकीय महाविद्यालय तामिया में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की उन्मुखीकरण कक्षा आयोजित
======================================================
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए शासकीय महाविद्यालय तामिया में आज उन्मुखीकरण कक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशानुसार एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुसरे के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एससी, एसटी, ओबीसी राष्ट्रीय सेल के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र वासनिक द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। उन्मुखीकरण सत्र के दौरान परामर्शदाता श्री पंकज राय, श्रीमती स्वाती सूर्यवंशी, सुभाष मिनोटे, श्री संदीप राज एवं श्री महेंद्र यादव द्वारा विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की संरचना, उद्देश्य, पाठ्यक्रम संचालन, क्षेत्रीय कार्य एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुसरे द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद तथा उसके विस्तृत नेटवर्क के संबंध में जानकारी देते हुए पाठ्यक्रम के स्वरूप, अभियान एवं क्षेत्रीय कार्य की महत्ता समझाई गई। साथ ही विद्यार्थियों को संबंधित एप्लिकेशन डाउनलोड करवाकर पौधारोपण जैसी गतिविधियों को पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
मुख्य अतिथि एससी, एसटी, ओबीसी राष्ट्रीय सेल के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र वासनिक ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं और भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों एवं पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन-अध्यापन का लाभ लेने तथा पाठ्यक्रम की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर में समस्त छात्र-छात्राओं द्वारा पौधारोपण किया गया तथा स्वच्छता की शपथ ली गई। इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत निर्माण की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नारों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं को स्वल्पाहार एवं पाठ्यक्रम संबंधी पुस्तकों का वितरण किया गया। इसके बाद कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।