पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में नवप्रवेशी एवं पूर्व छात्रों का सम्मेलन आयोजित
===========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत आज नवप्रवेशी एवं पूर्व छात्रों का सम्मेलन स्थानीय पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड छिंदवाड़ा श्री एम.पी. तिवारी एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी, श्री श्यामलराव, श्रीमती लता नागले, श्रीमती तृप्ति सिंह ठाकुर एवं श्री आशीष साहू की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम की जानकारी से अवगत कराया। साथ ही समस्त विकासखंड के सेक्टर में प्रत्येक ग्राम तक पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं परिषद द्वारा दिए गए कार्यों को करने की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अधिकारी श्री एम.पी. तिवारी ने एमएसडब्ल्यू कोर्स के द्विभाषी अर्थ के विषय में जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता को मास्टर ऑफ सोशल वर्क के साथ मैनेजमेंट ऑफ सॉलिड वेस्ट पर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने वर्तमान में सभी छात्र-छात्राओं को पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रित करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने मास्टर ऑफ सोशल वर्कर एवं मैनेजमेंट ऑफ सॉलिड वेस्ट को बहुत अच्छे शब्दों से परिभाषित करते हुए कहा कि ‘माय सेफ वर्ल्ड’ पर फोकस करना ही हम सभी का दायित्व है।
प्रवेशित छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री अतिथियों के हस्ते वितरित की गई। कार्यक्रम में मधुर गीत का गायन श्रीमती लता नागले ने किया। मंच संचालन श्री विनोद तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती तृप्ति सिंह ने किया।