तामिया सावन महोत्सव : हजारों पर्यटकों ने लिया झूलों का आनंद
पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष श्री सतेंद्र भूषण सिंह सहित गणमान्य नागरिक पहुंचे महोत्सव में
रविवार को समापन अवसर पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
==========================================================
तामिया सावन महोत्सव के दूसरे दिन सुहावने मौसम में छिंदवाड़ा जिले सहित मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आए हजारों पर्यटकों ने आयोजन में सहभागिता की। सावन के झूलों ने पर्यटकों को सबसे अधिक लुभाया। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आयोजित सावन महोत्सव में शनिवार को पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने सहभागिता की और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि होम स्टे छिंदवाड़ा की पहचान बन रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण-आदिवासी परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने और उनके द्वारा लगाए गए स्टॉल की खूब प्रशंसा की।
लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष श्री सतेंद्र भूषण सिंह ने भी होम स्टे संचालकों का उत्साहवर्धन किया। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के डायरेक्टर श्री डी.पी. सिंह ने अतिथियों को सावन महोत्सव सहित टूरिस्ट बोर्ड द्वारा छिंदवाड़ा में पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। होम स्टे परियोजना प्रभारी श्री आर.डी. सिद्दीकी ने होम स्टे विजिट कर चुके देशी-विदेशी सैलानियों और ग्रामीण आय के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में चिमटीपुर से आए नृत्य दल ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। कार्यक्रम में जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदिनी ठाकुर, गणमान्य नागरिक श्री वीरेंद्र राय, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत, पर्यटक प्रबंधक श्री गिरीश लालवानी, तामिया तहसीलदार श्री संजय मशराम सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
नृत्य दल के साथ झूम उठीं पूर्व राज्यपाल - तामिया सावन महोत्सव में शामिल होने आईं पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके ने युवा पीढ़ी को आदिवासी संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया और स्वयं मंच पर पहुंचीं तथा नृत्य दल के साथ जबरदस्त तरीके से झूमते हुए नृत्य किया। पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके ने नृत्य के लिए विशेष तौर पर परंपरागत आदिवासी जेवर पहने और इसकी विशेषता गिनाई।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार - तामिया सावन महोत्सव में हुई फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को रविवार शाम समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। इसी दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। रविवार को सावन के झूले सुबह 8 बजे ही पर्यटकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही सेल्फी पॉइंट भी सुबह से खुला रहेगा।