सम्राट चौधरी ने कब कुछ नहीं किया। सुनिए परिवार के लोग क्या कह रहे है।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग, 27 नवंबर से परिवार करेगा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल।
पांच महीने बाद भी न्याय नहीं मिलने से परिजनों में आक्रोश, मां आशा देवी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
आरा (भोजपुर)। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। घटना के पांच महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से नाराज भरत तिवारी की मां आशा देवी ने 27 नवंबर से परिवार के सदस्यों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।
इस आंदोलन में भरत के भाई चंदन तिवारी, भाभी सुमन देवी समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल होंगे। आशा देवी ने कहा कि जब तक उनके बेटे के मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद जो आश्वासन दिए गए थे, उनमें से अब तक कोई भी पूरा नहीं हुआ है। बेटे को खोने के बाद भी परिवार को इंसाफ के लिए भटकना पड़ रहा है।
आशा देवी के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने अब तक एसटीएफ के एक सिपाही को ही गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार की मांग है कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
परिजनों ने स्पष्ट किया है कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। 27 नवंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के ऐलान के बाद एक बार फिर भरत तिवारी एनकाउंटर मामला चर्चा में आ गया है।