ह/त्या के विरोध में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया हंगामा
दो युवकों की गोली मारकर ह/त्या, एक गंभीर रूप से घायल,आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
आरा (भोजपुर)। भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में देर रात शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में दो युवकों की मौ/त हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, चकिया गांव में राहुल कुमार अपने दो दोस्तों के साथ रिश्तेदार की बारात में शामिल होने गया था। इसी दौरान आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुभकरण गंज-दौलतपुर गांव के समीप आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर आगजनी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना के अलावा आर नगर और नवादा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।