आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता के पांच ठिकानों पर छापेमारी, 1.50 करोड़ की संपत्ति का आरोप
सासाराम (रोहतास)। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। उन पर अपनी ज्ञात आय से करीब 1.50 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार दास वर्तमान में नवगछिया में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। वे रोहतास जिले के सासाराम स्थित तेतरी गांव के निवासी बताए जाते हैं।
निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमों ने पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर स्थित उनके आवासीय एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई।
जांच के दौरान पटना स्थित निर्माणाधीन मकान, कटिहार के किराये के आवास और नवगछिया के तेतरी स्थित पैतृक आवास की भी तलाशी ली गई। निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गोपनीय शिकायत के आधार पर की गई जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया था।
फिलहाल निगरानी टीम सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।