रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक रोहितेश्वर धाम (चौरासन मंदिर) पहली बार महोत्सव का आयोजन किया गया। रोहतासगढ़ फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित रोहितेश्वर धाम महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ लोक संस्कृति और कला का संगम देखने को मिला। महोत्सव का उद्घाटन दिनारा विधायक आलोक सिंह, चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, डेहरी विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह तथा गया के एमएलसी जीवन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित और फीता काटकर किया। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में महोत्सव का आगाज हुआ तो स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रोहतासगढ़ फाउंडेशन के अध्यक्ष राजबली सिंह ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को नई पहचान दिलाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से रोहितेश्वर धाम को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।
#rohtasnews
Kargahar, Rohtas | Nov 25, 2026