*सदर अस्पताल की आधारभूत संरचना एवं रोगी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित*
भागलपुर, दिनांक– 15.09.2026। जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति, सदर अस्पताल, भागलपुर की अध्यक्षता में आज रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सदर अस्पताल की वर्तमान आधारभूत संरचना, रोगी सुविधाओं, साफ-सफाई, भवनों की स्थिति तथा आवश्यक मरम्मति एवं रख-रखाव से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग, बिहार के पत्रांक-201 (HS), दिनांक 09.09.2026 के आलोक में अस्पताल में उपलब्ध रोगी सुविधाओं को और बेहतर करने तथा आवश्यक मरम्मति एवं रख-रखाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सदर अस्पताल के विभिन्न पुराने भवनों, वार्डों एवं अन्य आवश्यक स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण एवं मरम्मति कार्य कराया जाएगा। इसके लिए उप विकास आयुक्त-सह-उपाध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति के नेतृत्व में समिति के सदस्यों द्वारा अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया जाएगा।
अस्पताल भवन, दरवाजे, खिड़कियां, फर्श, जलापूर्ति, शौचालय सहित अन्य संरचनाओं से संबंधित लघु मरम्मति कार्यों का चिन्हांकन कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही रोगियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता, प्रतीक्षालय, वार्ड एवं ओपीडी की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, पंखा/कूलिंग व्यवस्था तथा आवश्यक Signage एवं Patient Amenities को सुदृढ़ किया जाएगा।
बैठक में अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने तथा वार्ड, ओपीडी, शौचालय, गलियारे एवं सार्वजनिक स्थानों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किसी भी स्थान पर गंदगी, जलजमाव अथवा अस्वच्छ स्थिति पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का Physical Assessment/Inspection कर आवश्यक कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। कार्यों को अति आवश्यक, आवश्यक तथा सामान्य/सौंदर्यीकरण संबंधी श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा। रोगी सुरक्षा एवं रोगी सुविधा से सीधे संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
चिन्हित कार्यों के लिए नियमानुसार प्राक्कलन/Estimate बिहार चिकित्सा सेवाएँ एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BMSICL) के माध्यम से तैयार कराया जाएगा। अनुमन्य कार्यों को रोगी कल्याण समिति की उपलब्ध निधि से निर्धारित वित्तीय नियमों एवं सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के अनुरूप कराया जाएगा।
बैठक में सभी कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। कार्य प्रारंभ होने से पूर्व एवं पूर्ण होने के पश्चात आवश्यकतानुसार Photographic Documentation रखा जाएगा तथा कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल परिसर में पानी की टंकी, सोलर लाइट आदि आधारभूत सुविधाओं की स्थापना/निर्माण भवन निर्माण विभाग/स्मार्ट सिटी के माध्यम से कराए जाने की संभावना पर भी विचार किया गया। इस संबंध में संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी विकासात्मक एवं मरम्मति कार्यों में रोगियों एवं उनके परिजनों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सदर अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं Patient-Friendly बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन प्रभारी डॉ. राजू, श्री रोहित पासवान, श्री संजीव कुमार, श्री प्रदीप कुमार सिंह, श्रीमती वंदना तिवारी, श्री नितेश कुमार सिंह, श्री मुकेश राणा एवं डॉ. गौतम कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर