हरदोई में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन, किसानों को श्रीअन्न की खेती के लिए किया जागरूक
हरदोई। जनपद में मंगलवार को संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र, बिलग्राम चुंगी के निकट मिलेट्स महोत्सव, किसान मेला एवं कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान किसानों को श्रीअन्न की खेती अपनाने, कृषि लागत कम करने और पराली न जलाने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से किसानों की आय बढ़ाने तथा लोगों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने किसानों से ज्वार, बाजरा, कोदो, रागी और सांवा जैसी श्रीअन्न की फसलों की खेती करने की अपील की।
सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने लोगों से अपने दैनिक खानपान में श्रीअन्न को शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की ओर से किसानों को जागरूक करने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इस प्रकार के आयोजनों से श्रीअन्न के प्रति किसानों और उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ेगी।
जिलाधिकारी ने किसानों से फसल अवशेष और पराली नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने गोष्ठी में उपस्थित किसानों को पराली न जलाने का संकल्प भी दिलाया। संयुक्त कृषि निदेशक, लखनऊ मंडल अजय कृष्णा ने कहा कि श्रीअन्न की खेती मृदा और मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। इन फसलों को अपेक्षाकृत कम सिंचाई की आवश्यकता होती है और ये गौ आधारित प्राकृतिक खेती के लिए भी उपयोगी हैं।
सेवानिवृत्त संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. नंद किशोर ने किसानों को खेती के साथ दुधारू पशुपालन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कृषि, गन्ना, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने श्रीअन्न की उन्नत खेती की तकनीक समझाते हुए बताया कि मोटे अनाज में खनिज लवण, विटामिन और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। संतुलित आहार में इनका समावेश स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकता है।
महोत्सव में आकर्षण का केंद्र रहे मिलेट्स के व्यंजन
किसान मेले में विभिन्न विभागों के साथ निजी संस्थानों और प्रतिष्ठानों की ओर से श्रीअन्न से बने उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। मिर्चाराम स्वीट्स हाउस, बाबा शम्मी हलवाई, फिरंगी बेकर्स, ट्रीट गार्डन और सियाराम स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों ने बाजरा, रागी, कोदो, सांवा और ज्वार से बने व्यंजन प्रदर्शित किए।
स्टॉलों पर बाजरा, रागी और कुट्टू के आटे के लड्डू, बाजरे की खिचड़ी, रागी का हलवा, सांवा की खीर, ज्वार ब्राउनी, ज्वार बनाना केक और ज्वार के गुलाब जामुन जैसे उत्पाद रखे गए। लोगों ने इन व्यंजनों का स्वाद लिया। सांवा की खीर और ज्वार के गुलाब जामुन को विशेष पसंद किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, एफपीओ प्रतिनिधियों, किसान यूनियन के पदाधिकारियों, कृषि विभाग के कर्मचारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।
Bilgram, Hardoi | Oct 13, 2026