कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने ग्राम पचेटी में उर्वरक वितरण केंद्र, टिल्लर डैम एवं औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण,
किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को ग्राम पचेटी भ्रमण के दौरान प्राथमिक कृषि सहकारी साख समिति द्वारा संचालित उर्वरक वितरण केंद्र का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा कर उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उर्वरक के पूर्व का स्टॉक एवं वितरण की मात्रा की जानकारी ली। समिति के 300 से अधिक नए सदस्यों का अनुमोदन जिला केंद्रीय सहकारी बैंक शाजापुर से प्राप्त कर सभी नए सदस्यों को सोसायटी से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपसंचालक कृषि को जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा कर नए सदस्यों की सूची का तत्काल अनुमोदन प्राप्त कर उन्हें उर्वरक प्रदान करवाने हेतु निर्देशित किया गया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने पचेटी में बड़ी माताजी मंदिर में दर्शन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। सरपंच श्री नटवर सिंह गुर्जर ने कलेक्टर को बाड़ी माताजी की तस्वीर भेंट की। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं एवं पुजारी से चर्चा कर मंदिर के इतिहास, प्रबंध, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, महत्व, मान्यता, परंपरा एवं आस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पचेटी में टिल्लर डैम का निरीक्षण कर जल भराव की स्थिति का जायजा लिया तथा किसानों की आवश्यकता अनुसार रबी सिंचाई के लिए डैम से पानी छोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने एमपीआईडीसी द्वारा टिल्लर डैम से औद्योगिक क्षेत्र के लिए पानी लेने हेतु पाइप लाइन डालने के कार्य एवं इंटेकवेल निर्माण कार्य का अवलोकन कर अधिकारियों को इंटेकवेल निर्माण कार्य तेजी से पूरा करवाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मीना ने ग्राम हामलाखेड़ी में किसान श्री दिलीप सिंह पंवार द्वारा जैविक उत्पाद तैयार करने एवं उनके वितरण तथा चिरायता, अश्वगंधा, सहजना, अरंडी, कालमेघ जैसी औषधि फसलों की खेती का अवलोकन किया। किसान ने बताया कि वह जैविक उत्पाद बेचकर प्रतिवर्ष लगभग 3 लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त कर रहे हैं। कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में मेक्कैन उद्योग के लिए चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। एमपीआईडीसी अधिकारियों ने बताया कि टिल्लर डैम से पानी की उपलब्धता हेतु औद्योगिक क्षेत्र तक पाइपलाइन डालने का कार्य पूर्ण हो गया है एवं टंकी का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने एमपीआईडीसी अधिकारियों को मानव संसाधन एवं उपकरण बढ़ाकर कार्य तेजी से पूर्ण करवाने तथा मेक्कैन उद्योग स्थापना में हर संभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पशु प्रजनन केंद्र का निरीक्षण कर पशु प्रजनन एवं नस्ल सुधार गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं, चारागाह विकास, पशु चारे की उपलब्धता, चारा बीड़ का रकबा तथा आश्रयदाता गोवंश, भैंस एवं दुधारू पशुओं के बारे में जानकारी ली एवं उपसंचालक पशुपालन को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम घुराश्या में शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान का निरीक्षण कर उपलब्ध खाद्यान्न समाग्री के स्टॉक का अवलोकन किया तथा राशन वितरण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने शा.उ.मू. दुकान नियमित रूप से खोलने और उपभोक्ताओं को समय पर पात्रतानुसार खाद्यान्न सामग्री प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, उपसंचालक पशुपालन डॉ. महेश जारोलिया, उपसंचालक कृषि श्री गोपेश पाठक, उपसंचालक उद्यानिकी श्री अर्जुन सिंह राजपूत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।