राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा त्यौहारी सीजन में जांच कार्रवाई
आगर में 5 प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थो के नमूने लिए
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री कमल मंडलोई के निर्देशन में आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मंगलवार को आगर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बी एस जामोद ने बताया कि निरीक्षण में गुणवत्ता जांच हेतु विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। जिसमें पायल स्वीट्स एंड बेकर्स आगर-मालवा से मलाई बर्फी, अरविंद कैफे आगर-मालवा से मावा बर्फी, श्री सिद्धिविनायक होटल से मिल्क केक, सागर रेस्टोरेंट छावनी से मावा तथा जैन स्वीट्स सराफा बाजार से ग्रीन मावा बर्फी का नमूना लिया गया। सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल को विधिवत सील बंद कर गुणवत्ता स्तर की जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य व्यवसायियों को साफ-सफाई एवं स्वच्छता के साथ व्यवसाय संचालित करने के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार श्री चंद्रशेखर परमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बी.एस. जामोद एवं सहयोगी स्टाफ शामिल था।
#agarmalwa