भाजयुमो की घोषणा से पहले युवा कांग्रेस की बड़ी सर्जरी, दिल्ली रैली में गैरहाजिर पदाधिकारी निलंबित
भोपाल। मध्य प्रदेश में भाजपा युवा मोर्चा की प्रस्तावित घोषणा से पहले ही युवा कांग्रेस ने संगठन में बड़ी कार्रवाई की है। 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट चोरी रैली' में अनुपस्थित रहने वाले मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों को संगठन ने निलंबित कर दिया है।
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से 3 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के पालन में यह कार्रवाई की गई है। रैली में अनुपस्थिति को संगठनात्मक अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा युवा मोर्चा की घोषणा को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच युवा कांग्रेस की इस कार्रवाई को संगठनात्मक स्तर पर बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है।