जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
जिला स्तरीय कार्ययोजना का अनुमोदन
-----
जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट, जिला पंचायत सदस्यगण श्रीमती बर्फी बाई, श्री गिरधारी बैरवा, श्रीमती कलावती बाई, श्री संदीप दर्शन शाक्य, श्रीमती अनीता बाई, श्रीमती गीता बाई, श्रीमती कमलेश कंवर जादौन, सांसद प्रतिनिधि विजयपुर श्री परीक्षित धाकड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में पिछली सामान्य सभा की बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा कर पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला पंचायत विकास योजना की जिला स्तरीय कार्ययोजना के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उनका अनुमोदन किया गया। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं, विद्युत कनेक्शन तथा अन्य शिकायतों की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्युत से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्थायी समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय भवनों की मरम्मत के लिए प्राप्त राशि का निर्धारित समय-सीमा में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाकर उनका विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नलजल योजनाओं के सतत् संचालन और संधारण के निर्देश दिये गये।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा की गई। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पराली प्रबंधन के प्रति जागरूकता पर चर्चा करते हुए अपेक्षा की गई कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रो में पराली न जलाने के लिए किसानों को प्रेरित करें।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
11 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026