राष्ट्रीय एकता दिवस पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद का समापन
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में पीएमश्री कॉलेज श्योपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता में युवाओं की भूमिका विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का समापन भी संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उप पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कुमार राय एवं यातायात प्रभारी श्री संजय सिंह राजपूत उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को जन सुरक्षा, कानून के प्रति जागरूकता, नागरिक कर्तव्यों तथा पुलिस-जनसहभागिता के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार युवा ही सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जन सुरक्षा के प्रति सजगता केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने अपने स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय में पधारे अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के संदर्भ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. भूपेंद्र हरदेनिया ने किया। अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी कैप्टन श्री अरविंद दोहरे ने समारोह में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण एवं विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों के नाम घोषित किए साथ ही उन्हें अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 24 अक्टूबर से जारी जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने वाले 220 विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की ओर से प्रशस्ती पत्र भेंट किये गये।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में विशेष योगदान देने वाले महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सीमा चौकसे, डॉ. संगीता शाक्य एवं डॉ. आसिफ कुरैशी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. ज्योति मीणा, द्वितीय स्थान हिमांशु शर्मा, तृतीय स्थान कु. शिवानी बैरवा ने प्राप्त किया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
7 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026