एसडीएम के नेतृत्व में पराली जलाने की घटना पर त्वरित कार्रवाई
दमकल वाहन से बुझवाई आग, किसानों को दी सख्त समझाइश
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिले में पराली प्रबंधन के तहत विभिन्न प्रकार के कारगर उपाय सुनिश्चित किये जा रहे है, जिसके तहत न केवल किसानों को जागरूक किया जा रहा है, बल्कि पराली प्रबंधन के लिए निशुल्क बेलर भी उपलब्ध कराये जा रहे है।
इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र के एसडीएम भी निरंतर भ्रमण कर निगरानी करते हुए किसानों को पराली न जलाने की समझाइश दे रहे है, इसी क्रम में एसडीएम श्री गगन सिंह मीना एवं तहसीलदार बड़ौदा श्री सुरेश राठौर द्वारा राजस्व निरीक्षक श्री दिव्यराज धाकड, पटवारी श्री गजानन समाधिया एवं पटवारी श्रीमती प्रीति सिकरवार सहित राजस्व टीम के साथ ग्राम रीझा एवं ग्राम सलमान्या क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खेतों में पराली जलाए जाने की सूचना प्राप्त होने पर राजस्व टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा दमकल वाहन की सहायता से खेतों में जल रही पराली को बुझवाकर आग पर नियंत्रण किया गया।
इस दौरान संबंधित किसानों एवं ग्रामवासियों को पराली जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचता है। इसके साथ ही मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
किसानों को पराली के उचित प्रबंधन के लिए फसल अवशेषों को खेत में मिलाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग करने तथा हैप्पी सीडर, सुपर सीडर एवं अन्य कृषि यंत्रों के माध्यम से वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की सलाह दी गई।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर सतत निगरानी रखी जा रही है। पराली जलाने की घटनाओं में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा समस्त किसान बंधुओं से अपील की गई है कि वे पराली न जलाएं, फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करें तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से प्रशासन के अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
1.4k views | Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026